शादी में तेंदुए की एंट्री की खबर मिलते ही हड़कंप मच गया। पुलिस और वन विभाग की टीम मैरिज हॉल पहुंच गई। बाहर से भीड़ को हटाया। पुलिस ने तुरंत ड्रोन मंगाया। मैरिज हॉल के ऊपर ड्रोन उड़ाया तो छत पर तेंदुआ नजर आया।
वन विभाग की टीम सीढ़ियों से ऊपर जा रही थी, तभी अचानक तेंदुआ नीचे आ गया। पुलिसकर्मियों को देखकर तेंदुआ गुर्राया। एक पुलिसकर्मी पर झपट्टा मारा। डरकर दरोगा के हाथ से राइफल छूट गई।
तेंदुए ने दरोगा मुकद्दर अली के हाथ पर हमला कर दिया। फिर मैरिज हॉल के दूसरी तरफ भाग गया। कई घंटे तक पुलिस और वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने की कोशिश करती रही।
कभी अंदर जाती तो कभी भागकर बाहर आती। तेंदुआ भी पूरे मैरिज हॉल में इधर-उधर भागता रहा। बड़ी मुश्किल से वन विभाग की टीम तेंदुए को मैरिज हॉल से पकड़ पाई। घटना हरदोई रोड पर बुद्धेश्वर रिंग रोड स्थित एम. एम. लॉन का है।
तेंदुए को देखते ही कैमरामैन ने लगाई छलांग
आलमबाग के पूरन नगर निवासी अक्षय श्रीवास्तव की शादी ज्योति श्रीवास्तव से बुद्धेश्वर रिंग रोड स्थित एम. एम. लॉन में हो रही थी। बुधवार रात के करीब 9 बजे थे। बाराती घराती नाश्ता कर रहे थे।
दो कैमरामैन दूल्हा-दुल्हन का वीडियो शूट करने के लिए मैरिज हॉल में अच्छी लोकेशन की तलाश कर रहे थे। तभी मैरिज हाल में तेंदुआ घुस आया। तेंदुए को देखते ही कैमरामैन हड़बड़ा गया। एक कैमरामैन ने सीढ़ियों से छलांग लगा दी।
दूसरा दौड़ता हुआ मैरिज हाल के लॉन पर आ गया। वह चिल्लाने लगा कि तेंदुआ अंदर घुस आया है।
बाराती प्लेटें छोड़कर भागे, दूल्हा-दुल्हन कार में छिपे तेंदुए की एंट्री करते ही पलभर में बारात का पूरा सीन बदल गया। पूरे मैरिज हॉल में चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी प्लेटें छोड़कर भाग गए। दूल्हा-दुल्हन भी डरकर भाग गए। बाहर गाड़ी में जाकर बैठ गए।
हलवाई-कैटरिंग वाले भी भाग गए। कुछ ही देर में पूरा मैरिज हाल खाली हो गया। नीचे भीड़ और शोर सुनकर तेंदुआ मैरिज हाल की छत पर जाकर बैठ गया। इसके बाद लोगों ने गेस्ट हाउस के चैनल गेट को बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी।
तेंदुए ने दरोगा के हाथ पर मारा झपट्टा
करीब 10 बजे पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंची। वहां से लोगों को हटाया। ड्रोन मंगाया। फिर चैनल गेट खोलकर अंदर घुसी। टीम सीढ़ियों से ऊपर की तरफ जा रही थी, तभी तेंदुए ने हमला कर दिया। आगे चल रहे वन दरोगा मुकद्दर अली का हाथ पकड़ लिया, जिससे उनके हाथ में गहरे जख्म हो गए। फिर तेंदुआ मैरिज हॉल के दूसरी तरफ भाग गया
घरवाले बोले- पूरा खाना बर्बाद हा गया
दूल्हा-दुल्हन के घरवाले और रिश्तेदार कारों में बैठकर तेंदुए को पकड़ने जाने का इंतजार करते रहे। रात 1 बजे दुल्हन के घरवालों ने बताया- हम लोगों ने खाना भी नहीं खाया था कि तेंदुए ने हमला कर दिया। पूरा खाना बर्बाद हा गया। जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता, हम लोग मैरिज हाल में नहीं जाएंगे
रात 2 बजे पकड़ा गया तेंदुआ
तेंदुए के दिखने के बाद पुलिस ने अनाउंस करना शुरू कर दिया। लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया। अकेले न निकलने की हिदायत दी गई। छतों के दरवाजे बंद रखने के निर्देश दिए गए। रात 2 बजे तक पुलिस और वन विभाग की टीम ने तेंदुए को ट्रैंकुलाइज करके पकड़ लिया। तब जाकर जाकर शादी हुई।