संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद से बहराइच तक नई रेल लाइन बिछाई जानी प्रस्तावित है। पहले चरण में खलीलाबाद से बांसी तक दिसंबर 2026 तक कार्य पूर्ण कर लिए जाने का लक्ष्य निर्धारित है। इस बीच मिट्टी का कार्य और दो जगह रेलवे स्टेशन बनाने की प्रक्रिया भी शुरु कर दी गई है। खलीलाबाद से बांसी, बलरामपुर, श्रावस्ती से होकर बहराइच तक नई रेल लाइन बिछाने की मंजूरी 24 अक्टूबर 2018 को मिली थी। 2 मार्च 2019 को तत्कालीन केंद्रीय रेल एवं कोयला मंत्री पीयूष गोयल ने रेल राज्यमंत्री एवं संचार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनोज सिन्हा की उपस्थिति में शिलान्यास किया था।
![]() |
यह भी पढ़ें : Balrampur News: बाइक सवार व्यक्ति पर तेंदुए ने किया हमला, घायल
खलीलाबाद से बहराइच वाया बलरामपुर-श्रावस्ती तक 240 किलोमीटर दूरी तक नई रेल लाइन बिछाई जानी है। इसमें संतकबीरनगर के 54, सिद्धार्थनगर के 93, बलरामपुर के 65, श्रावस्ती के 30 और बहराइच के 19 गांवों से होकर नई रेल लाइन जानी है। इसके लिए संतकबीरनगर में मुआवजा वितरण की प्रक्रिया चल रही है। जबकि बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती में अभी सर्वे चल रहा है। प्रथम चरण में खलीलाबाद से बांसी तक 54 किलोमीटर दूरी तक रेल लाइन बिछाई जानी है। इसमें संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद तहसील क्षेत्र के 29 और मेंहदावल तहसील के 25 गांवों किसानों की कुल करीब 142 हेक्टेयर जमीन ली जानी प्रस्तावित है। रेलवे के प्रोजेक्ट इंजीनियर रवींद्र मेहरा ने बताया कि मिट्टी पटाई का कार्य शुरू कर दिया गया है।
खलीलाबाद, मड़या, चांदीडीहा और देवापार में ढांचा बनाने काम शुरू कर दिया गया। खलीलाबाद से बांसी के बीच में चार जगह रेलवे ओवर ब्रिज बनाया जाएगा। इसमें खलीलाबाद, मेंहदावल, पसाई और बांसी शामिल है। इसके लिए टेंडर हो गया है। इसी तरह 15 पुलिया, 14 पुल और 44 अंडरपास बनाया जाएगा। पुलों का काम भी शुरू कर दिया गया है। बांसी और खेसरहा में रेलवे स्टेशन बनाए जाने का काम शुरू किया गया है। दिसंबर 2026 तक कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा।